– उपस्थित कई जनप्रतिनिधियों एवं अन्य ने एकजुटता से मिलजुल रहने की करी वकालत
फतेहपुर। जिले के धाता नगर पंचायत स्थित गलेहरा नहर कोठी में रविवार को भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विभिन्न जाति-धर्म के लोग और कई प्रमुख नेता व विधायक उपस्थित रहे।
सरदार पटेल की जयंती को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला। गुजरात से आए चिराज पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने हमेशा किसानों के हक की लड़ाई लड़ी। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी ने उन्हें ‘लौह पुरुष’ की उपाधि दी थी, क्योंकि उन्होंने अनेक रियासतों को एकजुट कर राष्ट्र का निर्माण किया और पूरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोया। वहीं समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष राम करन निर्मल ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने 550 से अधिक रियासतों को एक साथ मिलाकर एक समृद्ध राष्ट्र की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो स्वतंत्र भारत की पहली बड़ी उपलब्धि थी।
भाजपा के पूर्व बिंदकी विधायक करन सिंह पटेल ने लोगों से मिलजुलकर रहने और भारत को आगे ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें सरदार पटेल से एकता का संदेश ग्रहण करना चाहिए। किसान नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरसिंह पटेल ने घोषणा की कि हर वर्ष इसी परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सभी क्षेत्र के लोगों का सहयोग मिला, तो अगले वर्ष इसी परिसर में गुजरात से सरदार वल्लभभाई पटेल की एक बड़ी प्रतिमा स्थापित की जाएगी और इस परिसर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस मौके पर फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद बालकुमार पटेल, राकेश वर्मा, पटेल सेवा संस्थान के अध्यक्ष के पी सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, पूर्व आईपीएस राजू बाबू, पूर्व आईपीएस हर्षवर्धन सिंह, पूर्व सपा प्रत्याशी राम तीर्थ परमहंस, संगीता सरोज, पूर्व विधायक वीर सिंह, बिंदकी के पूर्व विधायक करन सिंह, सुनील उमराव, सिद्धार्थ पटेल, शुभम पटेल, नरेश कोरी, लाल देवेंद्र सिंह, सतेंद्र प्रखर और योगेन्द्र सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
