मिशन शक्ति के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक



– एंटी रोमियो टीम दिखी सक्रिय

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत सोमवार को जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। टीमों द्वारा शासन एवं पुलिस विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना तथा महिला शक्ति केंद्र योजना शामिल रहीं। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी गई। मोबाइल पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल सिस्टम का डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संसाधनों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करना रहा।