फतेहपुर। फतेहपुर सदर तहसील एवं परगना क्षेत्र अंतर्गत मौजा सरांय जगत की एक पीड़िता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए अपनी भूमि पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को रुकवाने की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार आराजी गाटा संख्या 214/149, रकबा 0.4060 हेक्टेयर, मौजा सरांय जगत, तहसील व जिला फतेहपुर स्थित भूमि के लिखित खातेदार समरा आमिल आदि हैं। आरोप है कि उक्त गाटा पर राजेन्द्र मान सिंह, शशि प्रताप सिंह सहित अन्य लोग जबरन और अनाधिकृत रूप से मकान निर्माण के उद्देश्य से ईंट, पत्थर व मौरंग जैसी निर्माण सामग्री एकत्र कर निर्माण कार्य शुरू कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी झगड़ा-फसाद पर आमादा हो जाते हैं, जिससे वह स्वयं को असहाय महसूस कर रही है। भूमि सड़क किनारे स्थित होने के कारण स्थिति और भी संवेदनशील बनी हुई है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त गाटा पर हो रहे नाजायज एवं अवैधानिक निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा न्यायहित में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश पारित किया जाए, ताकि भूमि पर किसी प्रकार का नया निर्माण न हो सके।
मामले को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर पीड़िता सहित स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
