– बस को शैलेन्द्र शरण सिंपल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
फतेहपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मवईया स्थित वृद्धाश्रम में रहने वाले वृद्धजनों को प्रयागराज माघ मेला संगम में स्नान कराने के लिए मंगलवार को एक बस द्वारा यात्रा प्रारंभ की गई।
गंगा बचाओ सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल, संयोजक नमामि गंगे ने वृद्धजनों को हरी झंडी दिखाकर बस रवाना किया। जैसे ही बस चल पड़ी, वृद्धजनों ने गंगा मैया के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन के साथ यात्रा प्रारंभ की। वृद्धाश्रम की प्रबंधक नीतू वर्मा एवं गंगा बचाओ सेवा समिति के अध्यक्ष ने यात्रा में शामिल सभी वृद्धजनों का स्वागत किया और उन्हें माला व पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल ने कहा कि वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी देखकर महसूस होता है कि उनकी मनोकामना पूरी हुई है और वह इस अनुभव से अत्यंत आनंदित हैं। इस पहल के माध्यम से वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को सुरक्षित और सुगम यात्रा के साथ माघ मेला संगम में स्नान कराने का अवसर प्रदान किया गया। कार्यक्रम में समिति के महामंत्री विनोद कुमार गुप्ता, गायत्री परिवार के रामस्वरूप गुप्ता, मानव सेवा परिवार के राधेश्याम हयारण, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता, मनोज सोनी, सुरेंद्र पाठक, सूर्यपाल सिंह, गंगा दिन, फागुनी प्रसाद, अशोक यादव (लेखाकार), सूरज कुमार, आशीष गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
