– साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी हुए शामिल
फतेहपुर। जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र अंतर्गत ऐरायां सादात में पवित्र रमजान माह के अवसर पर पूर्व प्रधान मोहम्मद शमशाद उर्फ पप्पू कुरैशी के आवास पर भव्य रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र भर से आए हजारों रोज़ेदारों ने एक साथ इफ्तार कर आपसी भाईचारे, एकता और सौहार्द का अनूठा संदेश दिया।
इफ्तार कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते-होते पप्पू कुरैशी के आवास पर बड़ी संख्या में रोज़ेदारों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। निर्धारित समय पर अज़ान होते ही सभी ने सामूहिक रूप से रोज़ा खोला। इफ्तार के लिए खजूर, फल, शरबत और विभिन्न व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसे सुव्यवस्थित ढंग से लोगों तक पहुंचाया गया। इस मौके पर प्रयागराज से आए मौलाना सय्यद खादिम अब्बास ज़ैदी ने इफ्तार से पहले देश और पूरी दुनिया में अमन-चैन, भाईचारा, तरक्की और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ कराई। इस दौरान पूर्व प्रधान पप्पू कुरैशी ने कहा कि रमजान का पाक महीना इंसानियत, त्याग, संयम और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और प्रेम को बढ़ावा देने के लिए जरूरी हैं, जिससे लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में जीवन यापन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। रोज़ेदारों की टीम लगातार व्यवस्थाओं में जुटी रही, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पार्किंग, बैठने और इफ्तार वितरण की व्यवस्था को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। इफ्तार के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर रमजान की मुबारकबाद दी और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करने का संकल्प लिया। यह भव्य आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और लोगों ने पूर्व प्रधान पप्पू कुरैशी की पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी ने भी शिरकत की। इसके अलावा बहेरा सादात के पूर्व प्रधान ताज आब्दी, असद आब्दी, नदीम आब्दी, अमानत आब्दी, महमूद अंसारी, महमूद कुरैशी, असलम अंसारी, शाहान पेंटर, असद अनवर, अज़हर अनवर, आसिफ अनवर, आमिर अनवर, नौशाद अनवर, रफ़ी अहमद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और धर्मगुरु उपस्थित रहे।
