फतेहपुर। आंगनवाड़ी संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आगामी कार्यक्रम के संबंध में अवगत कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं लोकतांत्रिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
संगठन ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में शासन-प्रशासन के समस्त संबंधित अधिकारियों को पूर्व सूचना दी जा रही है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जा सकें। साथ ही यह भी बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की वास्तविक समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक शासन स्तर तक पहुंचाना है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन के सभी जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने जनपदों में कार्यक्रम की समुचित तैयारी करते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें और जिला प्रशासन से आवश्यक समन्वय बनाए रखें। आंगनवाड़ी संयुक्त मोर्चा ने कहा कि यह आंदोलन किसी भी प्रकार के टकराव के लिए नहीं है, बल्कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अधिकार, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में एक संगठित, संवैधानिक एवं निर्णायक पहल है।
