फतेहपुर। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एन.आई.ई.एल.आई.टी.) गोरखपुर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एन.आई.सी.ई.डी.टी.–2026 में फतेहपुर जनपद स्थित राष्ट्रीय कंप्यूटर शिक्षा मिशन को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मेलन संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं डिजिटल टेक्नोलॉजी पर आधारित रहा, जिसमें देश-विदेश से आए विशेषज्ञों ने युवाओं के लिए स्वरोजगार, डिजिटल इंडिया को सशक्त बनाने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
सम्मेलन के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित विशेष प्रशिक्षण, इसके उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा फतेहपुर जनपद में संचालित आईटीआई, नियर महिला डिग्री कॉलेज के समीप स्थित राष्ट्रीय कंप्यूटर शिक्षा मिशन को सिल्वर ट्रेनिंग पार्टनर का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। यह प्रमाणपत्र संस्थान के प्रबंध निदेशक सुभाष चंद्र साहू को सौंपा गया। इस उपलब्धि से फतेहपुर जनपद का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। सम्मान प्राप्त होने पर प्रबंध निदेशक सुभाष चंद्र साहू ने एन.आई.ई.एल.आई.टी. एवं भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर एवं डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराने के उनके संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी आधुनिक तकनीक और डिजिटल कौशल के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करता रहेगा।
