माघ मेला की तैयारियों को लेकर एडीजी प्रयागराज जोन ने किया स्थलीय निरीक्षण



– यातायात व भीड़ प्रबंधन पर दिए कड़े निर्देश

फतेहपुर। माघ मेला-2026 के दौरान आगामी मकर संक्रांति एवं मौनी अमावस्या स्नान पर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, प्रयागराज ज्योति नारायण ने जनपद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पार्किंग एवं भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में एडीजी जोन द्वारा थाना खागा क्षेत्रान्तर्गत नवीन मंडी परिसर में बनाए गए वाहन पार्किंग (होल्डिंग एरिया) का जायजा लिया गया। इसके साथ ही थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मदारीपुर मोड़ तथा लखनऊ बाईपास पर प्रस्तावित रूट डायवर्जन व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान किसी भी स्थिति में यातायात अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिले।
एडीजी जोन श्री ज्योति नारायण के पुलिस लाइन फतेहपुर आगमन पर रिजर्व पुलिस लाइन में गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके पश्चात उन्होंने जिलाधिकारी फतेहपुर श्री रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अनूप कुमार सिंह के साथ रिजर्व पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में माघ मेला-2026 को लेकर एक विस्तृत गोष्ठी एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में माघ मेला के दौरान लागू किए जाने वाले यातायात डायवर्जन प्लान, वाहन पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया, श्रद्धालुओं की भीड़ के नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीजी जोन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क दृष्टि बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र पाल सिंह सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण उपस्थित रहे। अंत में एडीजी जोन ने कहा कि माघ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।