बिंदकी बाईपास चौराहे के पास अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी



– शिनाख्त के प्रयास नाकाम, पुलिस ने शव को भेजा मोर्चरी

फतेहपुर। जनपद के बिंदकी कस्बे में कुंवरपुर रोड स्थित बाईपास चौराहे के समीप गुरुवार सुबह एक अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए अधेड़ को जीवित होने की आशंका में एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव को मोर्चरी हाउस फतेहपुर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, यदि 72 घंटे के भीतर मृतक की पहचान नहीं हो पाती है तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को एक दिन पहले देर शाम उसी स्थान पर शराब के नशे की हालत में पड़ा देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि अधिक शराब सेवन के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।