फतेहपुर के पीड़ित पटाखा व्यापारियों का मुद्दा राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचा


– अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने संदीप बंसल को सौंपा ज्ञापन

– लखनऊ में प्रदेश कर समिति की बैठक में फतेहपुर के व्यापारियों ने उठाई आवाज

– व्यापारियों के शोषण पर नहीं होगी कोई समझौता : संदीप बंसल

फतेहपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पीड़ित पटाखा व्यापारियों के संदर्भ में राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल को एक पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से अब तक शासन स्तर पर सुनवाई न होने और किसी प्रकार का मुआवजा न मिलने की जानकारी दी गई। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने आश्वासन दिया कि फतेहपुर के पटाखा व्यापारियों की समस्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाई जाएगी।
यह पत्र लखनऊ में आयोजित प्रदेश कर समिति की बैठक के दौरान सौंपा गया। बैठक में फतेहपुर जनपद से संजय गुप्ता, विनोद गुप्ता, बृजेश सोनी, जिला महामंत्री रज्जन गुप्ता एवं संजय सिंह जौहरी सहित अन्य व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों ने फतेहपुर में आयोजित होने वाली व्यापार बंधु बैठक, व्यापारिक सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक एवं उद्योग बंद की बैठकों को गुणवत्तायुक्त बनाए जाने की मांग भी उठाई। साथ ही जनपद के कुछ विभागों में कार्यरत कथित भ्रष्ट अधिकारियों की सूची राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापारियों का शोषण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हित में अनेक योजनाएं चला रही है और यदि किसी योजना में कोई अधिकारी हीला-हवाली करता है या रिश्वत की मांग करता है तो उसके खिलाफ शासन स्तर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।