फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 132वें संस्करण को जिलेभर में उत्साहपूर्वक सुना और देखा गया। जिले के सभी 2362 बूथों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया।
नगर दक्षिणी क्षेत्र के ईशाइनपुरवा शक्ति केंद्र अंतर्गत बूथ संख्या 172, राधानगर में जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की उपस्थिति में कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को सुनते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती चुनौतियों और हलचलों के बीच भारत मजबूती और संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है। यह देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “राष्ट्र प्रथम” की सोच और नेतृत्व का परिणाम है।
अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा “मन की बात” के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, नवाचार और जनभागीदारी जैसे विषयों पर दिए गए विचार समाज को नई दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को “मन की बात” कार्यक्रम के जरिए देश के आंतरिक एवं बाहरी समसामयिक विषयों को साझा करते हैं। इस बार के संस्करण में वैश्विक परिदृश्य में भारत की स्थिति, तटस्थ नीति और सशक्त नेतृत्व को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के सभी 2362 बूथों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सामूहिक रूप से देखा और सुना। इस आयोजन में जिला संयोजक नीरज सिंह, सहसंयोजक कुलदीप भदौरिया एवं ओम मिश्रा ने संगठनात्मक भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरित होकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
