– किसानों का आरोप – ज्वार की फसल पड़ी है यूं ही
फतेहपुर। जनपद के जहानाबाद क्षेत्र स्थित नवीन मंडी में ज्वार की खरीद प्रक्रिया ठप होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में ज्वार बेचने पहुंचे किसानों का आरोप है कि कई दिनों से फिंगर न लगने के कारण न तो उनकी उपज की एंट्री हो पा रही है और न ही तौल व खरीद की प्रक्रिया शुरू हो सकी है।
किसानों का कहना है कि वे दूर-दराज के गांवों से ज्वार लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक लापरवाही के चलते उन्हें मंडी परिसर में दिनभर भटकना पड़ रहा है। फसल की बिक्री न हो पाने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं समय और श्रम भी व्यर्थ जा रहा है। मंडी परिसर में मौजूद किसानों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि उनकी उपज की खरीद शुरू हो सके। उधर, मंडी प्रशासन की ओर से किसानों को शीघ्र समाधान का आश्वासन दिए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन फिलहाल किसान असमंजस और परेशानी की स्थिति में नजर आ रहे हैं।
