थाना कोतवाली नगर का त्रैमासिक निरीक्षण, अभिलेखों व व्यवस्थाओं की हुई गहन समीक्षा



फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में सोमवार को क्षेत्राधिकारी सदर गौरव शर्मा द्वारा थाना कोतवाली नगर का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गार्द द्वारा सलामी दी गई, जिसके उपरांत क्षेत्राधिकारी सदर ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का क्रमवार निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में सीसीटीएनएस प्रणाली तथा मालखाना का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्र पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया।
तत्पश्चात क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा थाना शस्त्रागार का निरीक्षण किया गया, जहां असलहों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति को देखा गया। इसके बाद थाने से संबंधित विभिन्न अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया, जिनमें गार्ड फाइल, कैशबुक, रजिस्टर संख्या-08, बीट सूचना रजिस्टर, ऑर्डर बुक, मालखाना रजिस्टर, क्रियाशील अपराधी सूची, न्यायालय ऑर्डर बुक आदि शामिल रहे। इसके अतिरिक्त एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज साइबर अपराध प्रकरणों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर अभिलेखों के अद्यतन, साफ-सफाई तथा कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया।