खजुहा में भाजपा मंडल का अभिनंदन समारोह, जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान



– भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी खजुहा मंडल द्वारा सोमवार को एक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए गए।
सोमवार को दोपहर करीब एक बजे भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव फतेहपुर शहर से काफिले के साथ कुंदनपुर पहुंचे। जहां ग्राम प्रधान जनता विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर ऐतिहासिक सफलता मिलेगी। इसके बाद जिलाध्यक्ष ललौली चौराहा स्थित दैनिक इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वहां से काफिला खजुहा रोड स्थित बावन इमली शहीद स्मारक पहुंचा, जहां भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष खजुहा कस्बा स्थित ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। ब्लॉक सभागार में आयोजित समारोह में जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा के पुराने पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों, सेक्टर व बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने और इसे पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में खजुहा मंडल अध्यक्ष डॉ. रोहन श्रीवास्तव, मंडल प्रभारी मोना शुक्ला, वरिष्ठ नेता श्यामलाल निषाद, खजुहा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र उत्तम, बिंदकी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मुन्नालाल सोनकर, मंडल बिंदकी अध्यक्ष पूरन सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।