फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छिउलहा रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीआरडी जवान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हुसैनगंज कस्बे के छेंउका निवासी धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई है। धर्मेंद्र सिंह पीआरडी जवान के पद पर तैनात थे और हथगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत छिउलहा चौकी में ड्यूटी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह छिउलहा रोड पर इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि धर्मेंद्र सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
