फतेहपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के संयोजन में जिला अस्पताल स्थित रक्तकेंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन व कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रातः 10 बजे शुरू हुआ।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरि और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, रेडक्रॉस चेयरमैन एवं सविता समाज उत्थान सेवा संस्थान की अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को बैज अलंकरण, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। रक्तदान शिविर में कुल 9 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 20 लोगों ने आगामी शिविरों के लिए पंजीकरण कराया। रक्तदान करने वालों में संजय सिंह, शिवप्रसाद, शशि सेन, मनोज कुमार, राजोल सिंह, ज्ञान सिंह ठाकुर, कुलदीप सिंह, अरविंद कुमार एवं इरफान शामिल रहे। सभी रक्तदानियों को अतिथियों एवं रेडक्रॉस चेयरमैन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर से पूर्व प्रातः 10 बजे पत्थरकटा चौराहे स्थित सुभाष चंद्र बोस चौक पर सफाई अभियान चलाया गया, जिसके बाद नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने “सुभाष चंद्र बोस अमर रहें”, “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे लगाए। इस अवसर पर सविता समाज उत्थान सेवा संस्थान के अध्यक्ष शंकरलाल, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अजीत सिंह, कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव, आजीवन सदस्य लाल जी श्रीवास्तव, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, रामप्रकाश मौर्य, के.के. सिंह, उमेश कुमार, बालमुकुंद गुप्ता, वेदप्रकाश गुप्ता, प्रेमचंद्र मौर्य, गोरेलाल, राशिद हुसैन, चैतन्य कुमार, विनय कुमार सहित अनेक सदस्य एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे। जिला अस्पताल रक्तकेंद्र से डॉ. डी.के. वर्मा, डॉ. अभिषेक सहित स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सभी रक्तदानियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
