संविधान के रास्ते पर ही देश करेगा तरक्की — सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल
– गढ़ी तालाब से नहर तक कच्ची सड़क को पक्का कराने की रखी मांग, सांसद ने दिलाया आश्वासन
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि देश संविधान के रास्ते पर चलेगा तो तरक्की निश्चित है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को संविधान और लोकतंत्र में भरोसा रखना चाहिए क्योंकि यही देश की असली ताकत है।
सांसद शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे बिंदकी कस्बे के गढ़ी तालाब के पास स्थित एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि शिक्षा का जीवन में विशेष महत्व है, क्योंकि शिक्षा से व्यक्ति ज्ञान अर्जित कर रोजगार प्राप्त करता है और आर्थिक रूप से मजबूत बनता है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सांसद से गढ़ी तालाब से लेकर स्कूल होते हुए नहर तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग की। इस पर सांसद ने लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी नेता महेंद्र बहादुर उर्फ बच्चा सिंह, गणेश वर्मा, रामेश्वर दयाल दयालू गुप्ता, धर्मपाल सिंह पटेल, एडवोकेट जालिम सिंह, अनिरुद्ध यादव, सियाराम यादव, एडवोकेट उपेंद्र सिंह, एडवोकेट नवाब हुसैन, शोएब, मौलाना मतलूब रहमान, सैफ खान, मनोज कुमार, बाबूलाल यादव, अमान खान समेत कई लोग मौजूद रहे।
