फतेहपुर। कानपुर क्षेत्र से भाजपा के विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान ने बुधवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के उत्तरी और दक्षिणी मंडलों में चल रहे विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का निरीक्षण किया। श्री चौहान बूथ संख्या 71, 72, 73 एवं 74 (पक्कातालाब व चंदियांना) पहुंचे, जहां उन्होंने बीएलओ व बीएलए से मतदाता सूची सुधार की स्थिति जानी।
इसके बाद वे नगर दक्षिणी क्षेत्र के देवीगंज रेलबाजार स्थित बूथ संख्या 159, 160 एवं 161 पहुंचे और वहां उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया। दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समय बहुत कम है, इसलिए सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। मतदाता सूची को सटीक बनाना लोकतंत्र को मजबूत करने का छोटा परंतु महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता, मतदाताओं के नाम जोड़ने-सुधारने और पात्रों को जागरूक करने में प्रत्येक पदाधिकारी का सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, महामंत्री उदय लोधी, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, सदर विधानसभा संयोजक बच्चा तिवारी, पंकज त्रिपाठी, संजय लाला, संजय मोदनवाल, बलराम लोधी, नीरज सिंह, लवकुश, आयुष गुप्ता, गौरव शुक्ला, विक्की गुप्ता, सुरेश, विभव, पुत्तूलाल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे हैं।
