– कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में जनपद के सभी वरिष्ठ न्यायाधीश व अधिवक्ता रहे उपस्थित
– अनुशासन और अध्ययन से ही बनता है सफल अधिवक्ता: न्यायमूर्ति शुक्ल
– फतेहपुर में वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. के.के. मिश्रा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
फतेहपुर। जनपद फतेहपुर में शनिवार को न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल के सम्मान समारोह एवं स्वर्गीय एडवोकेट के.के. मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ फतेहपुर की प्रतिमा अनावरण समारोह का आयोजन पुस्तकालय भवन, कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल ने अपने कर-कमलों से स्व. एडवोकेट के.के. मिश्रा की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे एडवोकेट एवं महामंत्री जितेन्द्र सिंह गौतम एडवोकेट की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुधीर कुमार, जनपद न्यायाधीश, राजेश उपाध्याय, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, शकीलुर्रहमान खान, पीठासीन अधिकारी एम.ए.सी.टी. कोर्ट सहित जनपद के अन्य न्यायाधीश भी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल ने अधिवक्ताओं से कहा कि अपने प्रोफेशन में आगे बढ़ने एवं शीर्ष तक पहुँचने के लिए निरंतर अध्ययन, कानून की पुस्तकों का गहन अभ्यास, वरिष्ठ अधिवक्ताओं से मार्गदर्शन तथा प्रत्येक मुकदमे की पूरी तैयारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी ही एक सफल अधिवक्ता की पहचान है। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष हितेन्द्र बहादुर सिंह, सुशील मिश्रा सहित जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्व. एडवोकेट के.के. मिश्रा के स्वागतकर्ता परिवार की ओर से राजकुमार मिश्रा उर्फ राजेन्द्र कुमार मिश्रा, ई. अविनाश मिश्रा, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. आंचल मिश्रा, डॉ. शुभम मिश्रा, डॉ. साक्षी मिश्रा, डॉ. स्वाति मिश्रा, उमा मिश्रा एडवोकेट सहित समस्त मिश्रा परिवार कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
