खागा/फतेहपुर। खागा नगर के जीटी रोड स्थित युगराजेश्वर मंदिर में प्रस्तावित मूर्ति प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्व एक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश यात्रा नई बाजार स्थित कोआपरेटिव बैंक के पूर्व चेयरमैन उदय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना भैया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू भैया के पैतृक आवास से प्रारंभ हुई।
कलश यात्रा नई बाजार से चलकर नौबस्ता रोड, प्राचीन बड़े हनुमान मंदिर, सर्राफा बाजार, चौक होते हुए जीटी रोड स्थित युगराजेश्वर मंदिर प्रांगण में पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए उत्तम जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। इस भव्य कलश यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिलाएं व पुरुष शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर नगर के व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर आयोजकों का स्वागत किया गया तथा उन्हें मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। कलश यात्रा में प्रमुख रूप से व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल, नगर अध्यक्ष अमिताभ शुक्ल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय अग्रहरि, ज्ञानेंद्र गुप्त, राजू दुबे, बजरंग दल के जिला सह संयोजक रोहित दीक्षित, छोटू सिंह परिहार, भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, युवा मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह, बबलू सिंह, संतोष सिंह मंत्री, अश्वनी सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व श्रद्धालु मौजूद रहे।
