– धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया
फतेहपुर। पक्का तालाब स्थित पुराने शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर हजारीलाल एवं वैभव मिश्रा के द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भंडारे के दौरान पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजते रहे। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर भंडारे का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सेवा करना और आपसी भाईचारे का संदेश देना है। इस मौके पर संतोष कुमार, राहुल कुमार, शिवम, शिवा सहित कई अन्य श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने भंडारे के आयोजन में सहयोग किया और व्यवस्था संभाली। देर शाम तक मंदिर में पूजा-पाठ और प्रसाद वितरण का क्रम जारी रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का सराहनीय प्रयास बताया।
