असोथर मंडल में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान सम्पन्न



– विधायक विकास गुप्ता ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

फतेहपुर। जनपद के असोथर मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का सफल समापन बुधवार को हो गया। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंगलवार को तीन तथा बुधवार को चार सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और वैचारिक प्रशिक्षण दिया गया।
बुधवार को आयोजित सत्रों में चतुर्थ और पंचम सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में आचार्य कमलेश योगी और पंकज त्रिपाठी ने संबोधित किया। दोनों वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की। छठवें सत्र में स्थानीय विधायक विकास गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आंतरिक और सामरिक दृष्टि से मजबूत और समृद्धशाली बना है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिला है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नोटबंदी और डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। विधायक विकास गुप्ता ने यह भी कहा कि पहले के समय में फर्जी करेंसी का प्रचलन अधिक था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस पर प्रभावी नियंत्रण किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार किसानों को सम्मान निधि दे रही है और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ट्यूबवेल की बिजली मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसानों को राहत मिल रही है। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में अखिलेश कुमार ने पीपीटी के माध्यम से नवाचार विषय पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी और संगठनात्मक कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जिला मीडिया प्रभारी भाजपा फतेहपुर प्रवीण कुमार सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुष्पराज पटेल, अर्चना त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, राम महेश निषाद, नीरज सेंगर, निर्मल सिंह चौहान, जयदेव सिंह गौतम, रामकुमार बाजपेई, सर्वेश गुप्ता, शिवम अवस्थी, रज्जन शुक्ला, संतोष द्विवेदी, चंद्र प्रकाश निषाद, सौरभ अग्निहोत्री, आशीष गुप्ता, लाखन निषाद, विमल गुप्ता, राघवेन्द्र सिंह, साहिल शर्मा, विनोद भारती, चंद्रभान पासवान सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल मोर्चा अध्यक्ष व महामंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।