– मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात आई सामने, फोरेंसिक जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा गया
खागा / फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव गेहूं के खेत में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बुधराज पुत्र स्व. छेद्दू पासवान (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी बहलोलपुर ऐलई, कोतवाली खागा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अफोई गांव स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने की है, जहां ग्रामीणों ने सुबह करीब 10 बजे सड़क से लगभग 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में एक युवक का शव फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक तेजबहादुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो युवक के पास से आशा तंबाकू का पाउच और एक कागज पर लिखा मोबाइल नंबर बरामद हुआ। उसी नंबर के आधार पर युवक की पहचान की जा सकी। घटनास्थल पर बबूल के पेड़ में नायलॉन की जाली बंधी हुई थी, जिससे युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पेड़ के नीचे मृतक की चप्पल भी पड़ी मिली। मृतक के बड़े भाई रमेश ने बताया कि बुधराज की मानसिक स्थिति पिछले करीब तीन वर्षों से ठीक नहीं थी और उसका इलाज प्रयागराज में चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वह बिना बताए घर से निकल गया था, जिसके बाद परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर मोहम्मदपुर गौंती के मजरा चांदपुर गांव में उसकी बहन की ससुराल है, जहां जाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचा। मौके पर खागा क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। लगभग एक घंटे बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
