फतेहपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में जनपद में अवैध खनन एवं ओवरलोड परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिलास्तरीय एवं तहसील स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा खनन, परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग के संयुक्त सहयोग से सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पिछले एक सप्ताह में जिलास्तरीय टास्कफोर्स ने अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप के नेतृत्व में 13 ओवरलोड वाहनों का चालान किया, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया।
तहसील स्तर पर भी कार्रवाई जारी रही। तहसील सदर में 13 वाहनों का चालान और 4 वाहन सीज किए गए। तहसील बिंदकी में 4 वाहनों का चालान कर 4 वाहन सीज किए गए, जबकि तहसील खागा में 7 वाहनों का चालान और 2 वाहन सीज किए गए। खनिज विभाग द्वारा उपखनिज से लदे वाहनों की जांच के दौरान 81 वाहनों का चालान कर 38,05,050 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। परिवहन विभाग ने 20 वाहनों का चालान करते हुए 11,30,050 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं पुलिस विभाग ने नंबर प्लेट में खामियों के चलते 40 वाहनों का चालान कर 2,20,000 रुपये का राजस्व वसूला। इस प्रकार बीते सप्ताह में कुल 51,55,100 रुपये का राजस्व वसूला गया।
प्रशासन द्वारा वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही उपखनिजों का परिवहन करें और वाहनों में माइनटैग व हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाएं। साथ ही लंबित चालान और नोटिसों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है।
