जन चौपाल में जहानाबाद विधायक ने सुनी समस्याएं, ग्रामीणों ने उठाई सड़क निर्माण की मांग



फतेहपुर। कस्बे में रविवार को जन समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित जन चौपाल में क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का आयोजन मोहल्ला चौक स्थित बिहारी जी विद्या मंदिर परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्थानीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जन सुनवाई के दौरान बंथरा गांव के ग्रामीणों ने विधायक को एक मांग पत्र सौंपते हुए बंथरा-चंदीपुर संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा यह मार्ग काफी समय से खराब हालत में है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मार्ग को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से हटाकर लोक निर्माण विभाग (PWD) में शामिल कराने की मांग की, ताकि सड़क का स्थायी निर्माण एवं सुधार कार्य कराया जा सके। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने उन्हें आश्वासन दिया कि उक्त संपर्क मार्ग को शीघ्र ही शासन स्तर पर लोक निर्माण विभाग में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब तक विभागीय प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक जर्जर मार्ग का मरम्मतीकरण किसी अन्य योजना के तहत कराया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिल सके। विधायक ने चौपाल में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके। इस अवसर पर भाजपा मंडल समन्वयक डॉ. ओम प्रकाश पाल, विश्वास गुप्ता, जय सिंह सांगा, भरत सिंह सेंगर, श्रेयांश गुप्ता, रामकरण सिंह, कामिनी चौहान, मालती वर्मा, सभासद राजेश बाजपेई, कालिका सिंह, सभासद गीता गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।