– सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने जनता को दी सौगात
फतेहपुर। जनपद के विकास खण्ड भिटौरा अंतर्गत ग्राम हैबतपुर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने विधायक निधि योजना के तहत नवनिर्मित सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया।
यह निर्माण कार्य रामनरेश पाल के घर से लेकर गुलाब लोधी के घर तक कराया गया है, जिसमें लगभग 11 लाख 50 हजार रुपये की लागत आई है। इस परियोजना के पूरा होने से गांव में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और कीचड़ व जलभराव जैसी समस्याओं से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। साथ ही आवागमन भी पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा। लोकार्पण समारोह के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और विधायक निधि का उपयोग सीधे जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस विकास कार्य के लिए खुशी जताई। इस अवसर पर मनोज लोधी, राजेन्द्र यादव, ग्राम प्रधान स्वामी सरन पाल, शिवमोहन लोधी, डॉ. बीरेंद्र लोधी, विमलेश लोधी, जगतपाल, मेवालाल, रामशंकर, उमेश पाल, रामनरेश पाल, बीरेंद्र टेलर, सिया चन्द्र पासवान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विधायक ने ग्रामीणों की अन्य समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
