डीएम रविन्द्र सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण


– राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण

फतेहपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया, जिसमें सभी कैमरे सुचारू रूप से क्रियाशील पाए गए। इसके साथ ही वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा गार्डों की जानकारी भी प्राप्त की गई।
डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए फायर सिलेंडरों की वैधता की जांच की, जो मानक के अनुरूप पाई गई। वहीं डीबीआर में डेटा स्टोरेज की भी जांच की गई, जो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सही पाई गई।
इसके अतिरिक्त वेयरहाउस के अंदर विभिन्न लोहे के रैक में रखे चुनावी कार्यों से संबंधित फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 एवं घोषणा पत्र की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान इन फार्मों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप निदेशक कृषि ओम प्रकाश त्रिपाठी सहित राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।