कलेक्ट्रेट में नवनिर्वाचित बार अध्यक्ष बाबू सिंह यादव का हुआ भव्य स्वागत



– अधिवक्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ किया अभिनंदन, एकजुटता और हितों की रक्षा पर जोर

फतेहपुर। स्थानीय कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चैंबर नंबर 15 में जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बाबू सिंह यादव के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। अमित यादव एडवोकेट के चैंबर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया और फूल-मालाओं तथा जोशीले नारों के साथ अपने नए अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता फूल सिंह यादव की अध्यक्षता में एक विशेष गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें बार एसोसिएशन की एकजुटता, संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष बाबू सिंह यादव के प्रति अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। अपने संबोधन में बाबू सिंह यादव भावुक नजर आए। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें इस गरिमामयी पद के लिए चुना गया है, वह उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना होगा। साथ ही उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि उनका कार्यकाल जिला बार एसोसिएशन के इतिहास में एक नई दिशा और उपलब्धि के रूप में याद किया जाएगा। समारोह में पूर्व महामंत्री जिला अधिवक्ता संघ प्रवीण कुमार द्विवेदी, विपिन यादव, बृजेश चन्द्र बाजपेयी, ओम प्रकाश यादव, अशोक सिंह, अंकिता पटेल, ऋषभ शुक्ला, शैलेन्द्र शुक्ला और उबैद खान उर्फ बब्बा समेत सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर बार एसोसिएशन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।