शीत लहर के मद्देनज़र प्रशासन सतर्क, कान्हा गौशाला व रैन बसेरों का किया गया निरीक्षण



– अलाव, ब्लोअर, रजाई–गद्दा व मूलभूत सुविधाएं पाईं गईं संतोषजनक

फतेहपुर। शीत लहर के प्रकोप को देखते हुए गुरुवार को प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार यादव एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद फतेहपुर रविंद्र कुमार ने मलाका स्थित कान्हा गौशाला तथा नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक चौराहों पर जलाए जा रहे अलावों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थाई एवं अस्थाई रैन बसेरों में ठहरे हुए व्यक्तियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। रेलवे स्टेशन स्थित अस्थाई रैन बसेरा में पर्यवेक्षणीय अधिकारी मोहम्मद हबीब एवं केयर टेकर आदित्य व कमरुल उपस्थित मिले। अधिकारियों ने पाया कि ठंड से बचाव के लिए ब्लोअर चालू अवस्था में थे तथा रजाई–गद्दे साफ एवं व्यवस्थित रखे गए थे। इसके साथ ही पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शीत लहर की अवधि में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सक्रिय रखी जाएं, जिससे जरूरतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।