मकर संक्रांति स्नान पर्व के दृष्टिगत गंगा घाटों का पुलिस द्वारा किया गया निरीक्षण



– सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

फतेहपुर। मकर संक्रांति स्नान पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित गंगा घाटों का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में थाना सुल्तानपुर घोष के प्रभारी निरीक्षक द्वारा अपने क्षेत्रान्तर्गत स्थित नौबस्ता घाट का निरीक्षण किया गया, जहां गंगा स्नान शांतिपूर्ण एवं सकुशल रूप से संचालित पाया गया। वहीं थाना हुसैनगंज के प्रभारी निरीक्षक द्वारा ओम घाट एवं पक्का घाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी को चेक किया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षित स्नान करने, भीड़-भाड़ से बचने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा जनसामान्य एवं स्नानार्थियों से अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस कर्मी अथवा संबंधित थाना से संपर्क करें। पुलिस प्रशासन स्नान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।