गाजीपुर पुलिस, एसओजी व इंटेलिजेंस विंग की बड़ी कार्रवाई में 92.06 किलो अवैध गांजा बरामद


– एक अभियुक्त गिरफ्तार

फतेहपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना गाजीपुर पुलिस, एसओजी एवं इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीमों ने 92.06 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिनांक 13/14 जनवरी 2026 की रात्रि को संयुक्त पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना गाजीपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध इको वैन वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया। मौके से अभियुक्त राजेश महरा पुत्र लल्लू प्रसाद महरा, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी ग्राम खांडा, थाना अनूपपुर, जनपद अनूपपुर (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना गाजीपुर में मु0अ0सं0 06/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य अभियुक्त प्रकाश नापित उर्फ बड़कू पुत्र रामदीन नापित, निवासी रामपुर, थाना आमलई, जनपद शहडोल (मध्य प्रदेश) मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना गाजीपुर के थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह, प्रभारी एसओजी निरीक्षक विनोद कुमार यादव मय टीम तथा प्रभारी इंटेलिजेंस विंग उप निरीक्षक विनोद मिश्र शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।