– असोधर थाना क्षेत्र की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
– 60 हजार की सुपारी देकर कराई गई निर्मम हत्या, पुलिस ने 72 घंटे में किया खुलासा
फतेहपुर। थाना असोथर क्षेत्र में 14 जनवरी 2026 को हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना असोधर पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम, फतेहपुर द्वारा मु0अ0सं0–06/2026, धारा 103(1), 61(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकाश में आए आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी मालती देवी ने बताया कि मृतक की पत्नी रेनू देवी से उसके पिछले करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध (लेस्बियन) थे। दोनों एक-दूसरे से मिलना चाहती थी, लेकिन मृतक उनके संबंध में बाधा बन रहा था। मालती देवी अपने पति से अलग होकर अपने 9 वर्षीय बच्चे के साथ रहती थी, जबकि मृतक अधिकतर समय अपनी पत्नी रेनू के साथ गुजारता था। इस बात की जानकारी मृतक और उसके परिजनों को होने पर मृतक ने मालती देवी को अपने घर आने और अपनी पत्नी से मिलने से मना कर दिया था। इसके बावजूद दोनों महिलाएं चोरी-छिपे मोबाइल फोन के जरिए एक-दूसरे से संपर्क में रहती थीं। इसी दौरान दोनों ने मिलकर मृतक को रास्ते से हटाने की साजिश रची। मालती देवी ने अपने पुराने परिचित जितेंद्र गुप्ता उर्फ जिट्टी से संपर्क किया और 60,000 रुपये में हत्या की सुपारी तय की। रेनू देवी ने मालती देवी के माध्यम से जितेंद्र को 8,000 रुपये एडवांस भी दिए। घटना से पहले जितेंद्र ने फोन कर मालती को सूचना दी कि वह मौके पर पहुंच गया है। हत्या को अंजाम देने के बाद पुनः फोन कर बताया कि रस्सी से गला दबाकर चाकू से गला काट दिया गया है और शव झाड़ियों में फेंक दिया गया है। पुलिस ने मालती देवी, रेनू देवी और राजू सोनकर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी, खून से सने कपड़े एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में शामिल जितेंद्र गुप्ता उर्फ जिट्टी और रामप्रकाश उर्फ भट्ट अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
