– जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने का लिया गया संकल्प
फतेहपुर। बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वासन को लेकर एक दिवसीय जनपदस्तरीय कार्यशाला का आयोजन श्रम विभाग फतेहपुर एवं एसोसिएशन फॉर वालेंटियरी एक्शन के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला की शुरुआत सहायक श्रमायुक्त द्वारा रूप-रेखा एवं विषय की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत करते हुए की गई। इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बाल श्रम न कराये जाने के प्रति जन-जागरूकता हेतु रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित व्यापार मंडल, भट्ठा एसोसिएशन एवं अन्य गणमान्यों से अपील करते हुए कहा कि बाल श्रम के प्रमुख कारणों में आर्थिक मजबूरी भी शामिल है, जिसके समाधान हेतु सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना एवं अटल आवासीय विद्यालय योजना से पात्र बच्चों को जोड़ने में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने जनपद फतेहपुर को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए सभी उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई। कार्यशाला में श्रम आयुक्त, उत्तर प्रदेश मुख्यालय कानपुर की ओर से स्टेट कोऑर्डिनेटर सैय्यद रिजवान अली ने बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) के प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त प्रदेश बनाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके लिए अधिनियम की सही समझ सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष तक के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना पूरी तरह अवैधानिक है, जबकि 14 से 18 वर्ष तक के किशोरों से केवल गैर-खतरनाक कार्य ही निर्धारित शर्तों के अंतर्गत कराया जा सकता है। इनमें 6 घंटे से अधिक कार्य न लेना, एक साथ 3 घंटे से अधिक कार्य न कराना, श्रम अधिकारी को सूचना देना तथा शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़ना जैसी शर्तें शामिल हैं। अधिनियम के उल्लंघन पर दंड का भी प्रावधान है। कार्यशाला के दौरान बाल श्रम उन्मूलन हेतु हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई तथा चार्ट पर उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्यों से उनके सुझाव एवं विचार भी लिए गए। अंत में सहायक श्रमायुक्त फतेहपुर द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जनपद फतेहपुर को बाल श्रम मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर श्रम विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, अध्यक्ष एवं सदस्य, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड लाइन, एएचटी थाना, व्यापार मंडल, भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महामंत्री अपने सदस्यों सहित उपस्थित रहे।
