विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, 2364 बूथों पर मतदाता सूची का हुआ वाचन


– राजकीय इंटर कॉलेज फतेहपुर में डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

फतेहपुर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद फतेहपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)- 2026 के अंतर्गत रविवार, 18 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कराया गया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा सदर क्षेत्र अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहपुर में आयोजित मतदाता सूची वाचन कार्यक्रम का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए, यह सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत आलेख्य प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। इसी क्रम में दिनांक 18 जनवरी 2026 को जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कुल 2364 मतदेय स्थलों पर सभी बीएलओ द्वारा अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहकर संबंधित निर्वाचक नामावलियों का वाचन कराया गया।
जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सतत भ्रमणशील रहते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ आवश्यक प्रपत्रों—फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 एवं घोषणा पत्र—के साथ उपस्थित रहें तथा मतदाता सूची का विधिवत वाचन हो।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान की आगामी तिथियां 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी 2026 (रविवार) निर्धारित की गई हैं। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि के दौरान इन विशेष अभियान दिवसों में पदाभिहित स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी के साथ-साथ आवश्यक स्टाफ की तैनाती एवं पदाभिहित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की स्थापना भी की जाएगी। पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु फार्म-6 भरने में सहायता प्रदान की जाएगी। फार्म-6 में नाम, पता एवं अन्य विवरणों की शुद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के उपरांत बीएलओ द्वारा बीएलओ ऐप के माध्यम से आवेदन अपलोड किया जाएगा। बीएलओ ऐप पर विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें फोटो सत्यापन एवं स्पष्ट फोटो अपलोड की व्यवस्था भी शामिल है। जिन आवेदकों की फोटो अनुपलब्ध या अस्पष्ट (ब्लर) पाई जाएगी, उनकी नवीनतम फोटो ली जाएगी।
इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल एप एवं आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म-6, फार्म-8 (घोषणा पत्र सहित) तथा फार्म-7 सबमिट किए जा सकते हैं।