– गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सजीव उद्बोधन सुने गए
– मुख्यमंत्री आवास, पीएम किसान, सीएम युवा उद्यमी सहित योजनाओं के लाभार्थी सम्मानित
– उत्तर प्रदेश बना देश का ग्रोथ इंजन— प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा सजीव प्रसारण राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ से किया गया, जिसे जनपद फतेहपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षा गृह में जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने देखा और सुना। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली विरासत, औद्योगिक प्रगति, नवाचार और आत्मनिर्भरता की विकास यात्रा की भव्य झलक प्रस्तुत की गई।
प्रेक्षा गृह में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश सरकार अजीत सिंह पाल, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक खागा कृष्णा पासवान, विधायक बिन्दकी जय कुमार सिंह जैकी, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश स्तर के कार्यक्रम में गृह मंत्री भारत सरकार अमित शाह, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा एक जनपद एक उत्पाद की तर्ज पर एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना का शुभारम्भ किया गया, जिससे क्षेत्रीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेक्षा गृह में सरस मेला/प्रदर्शनी का शुभारम्भ प्रभारी मंत्री द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों एवं क्षेत्रीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल तथा दिव्यांग बच्चों को बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया, जिनकी उपस्थित जनसमूह द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक राज्य नहीं बल्कि देश की आत्मा है और आज ग्रोथ इंजन के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर जनपद प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और प्रधानमंत्री के विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार में बिना भेदभाव सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक जहानाबाद, बिन्दकी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी उत्तर प्रदेश दिवस की बधाई देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। वहीं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना, बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, उद्यमी, टूल किट लाभार्थी, सीएम युवा उद्यमी, पीएम किसान, कृषि यंत्रीकरण अनुदान योजना, स्वामी विवेकानन्द सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित क्षेत्रीय उत्पादों की टोकरी भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
