सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज हरिहरगंज में संस्कृति और शक्ति की समागम यात्रा



– मां सरस्वती व देशभक्ति का दिखा संगम

फतेहपुर। सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, हरिहरगंज पूर्वी शिवपुरम में शुक्रवार को संस्कृति एवं शक्ति की समागम यात्रा निकाली गई। इस भव्य यात्रा में सबसे आगे भव्य रथ में विराजमान मां सरस्वती थीं। उनके आगे पीले वस्त्र धारण की बालिकाएं शंख बजाते हुए लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही थीं।
यात्रा में बैंड वादक बच्चों ने वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके पीछे भारत के विभिन्न प्रांतों की सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो भारत की विविधता में एकता का जीवंत चित्रण कर रही थीं। उसके बाद सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फ़ौज और भारतीय सशस्त्र बलों (जल, थल, वायु) की सैन्य टुकड़ियां सशक्त भारत का संदेश दे रही थीं। शहीदों की झांकियां और वीर शिवाजी की झांकी पूरे वातावरण में वीरता का संचार कर रही थीं। यात्रा में विभिन्न पारंपरिक व सांस्कृतिक परिधानों में सुसज्जित बच्चे मां सरस्वती की आराधना करते हुए अखंड भारत और अजेय भारत का उद्घोष कर जनमानस में राष्ट्रीयता का संदेश दे रहे थे। रास्ते में लोग रुककर मां सरस्वती की पूजा कर रहे थे और बच्चों को पानी व मिष्ठान वितरित कर आशीर्वाद दे रहे थे। इस भव्य यात्रा का नेतृत्व विद्यालय के प्रबंधक राकेश कुमार त्रिवेदी द्वारा किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र, साक्षम भुवन, भूपेंद्र, आशीष, अमित, देवेश, प्रवीण सहित पूरा स्टाफ सजगता के साथ कार्यक्रम की निगरानी करता रहा। यात्रा कलेक्टर गंज से अटल चौराहे, आईटीआई रोड, पटेल नगर चौराहा, शादीपुर चौराहा और स्टेशन होते हुए हरिहरगंज के विद्यालय तक पहुंची। इसी क्रम में जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वतीपुरम, राधानगर विद्यालय में भी विद्यार्थियों ने बसंत पूजन और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने बच्चों को देशभक्ति और स्वच्छता अभियान के महत्व के बारे में अवगत कराया तथा देश सेवा की शपथ दिलाई। प्रधानाचार्य विनय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के कानून व्यवस्था का सम्मान करना ही देश का सच्चा सम्मान है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और सम्मानित अतिथि बक बंधु, शिवपाल पांडे, उषा शोध, रामगोपाल, पुष्पा देवी, सुमन श्रीवास्तव, उमाकांत द्विवेदी, आसरा जाफरी, संजू, रिंकी, सुषमा त्रिवेदी, शशिकांत पांडे सहित कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और पावन उत्सव को भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराया।