– बिना हेलमेट सवार थे तीनों युवक, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार सुबह गाजीपुर–विजयीपुर रोड स्थित झाल तिराहा, असोथर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही एक बड़े हादसे की वजह बन गई। बिना हेलमेट स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक सड़क किनारे पंचर की दुकान पर खड़ी वैगनआर कार से जा टकराए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार वैगनआर कार के मालिक अनुपम अपनी कार की स्टेपनी पंचर बनवाने के लिए झाल तिराहा स्थित दुकान पर छोड़कर घर चले गए थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्प्लेंडर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और खड़ी कार में जा भिड़ी। बाइक को जीशान पुत्र इद्दु (20 वर्ष, निवासी कंधिया) चला रहा था। उसके साथ बाइक पर निखिल पुत्र रामप्रकाश कश्यप (18 वर्ष, निवासी बेर्राव) तथा कृष्ण सिंह पुत्र सुमेर सिंह (15 वर्ष, निवासी बेर्राव) सवार थे। तीनों युवक बिना हेलमेट के थे। बताया जा रहा है कि बाइक चालक जीशान डीजे कारोबारी है और अपने गांव कंधिया से असोथर स्थित आइसा डीजे वाले के यहां मशीन लेने आया था। इसी दौरान हादसा हो गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जरौली चौकी प्रभारी अंकुश यादव ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
