– असोथर कस्बे के समीप हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के कस्बे के समीप एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पुलिया से टकरा गया, जिससे उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करुइया का डेरा मजरा पुर बुजुर्ग गांव निवासी हीरालाल का 31 वर्षीय पुत्र गुलाब निषाद अपने एक दोस्त के साथ ई-रिक्शा से किसी काम से असोथर आया था। जैसे ही ई-रिक्शा कस्बे के समीप पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और रिक्शा अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। हादसे में गुलाब निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल असोथर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने के कारण उसे सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने घायल को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में ई-रिक्शा की तेज रफ्तार और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे के आसपास अक्सर ई-रिक्शा तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
