– मृतक फतेहपुर शहर का रहने वाला निकला
बिंदकी / फतेहपुर। कोतवाली बिंदकी क्षेत्र अंतर्गत बिंदकी-जोनिहा मार्ग पर गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस फतेहपुर भिजवा दिया था।
जब रात में मृतक अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया पर दुर्घटना की खबर प्रसारित होने के बाद परिजनों को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हुई है। इसके बाद परिजनों ने बिंदकी कोतवाली से संपर्क किया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे परिजन कोतवाली बिंदकी पहुंचे, जहां फोटो के माध्यम से मृतक की पहचान की गई। मृतक की पहचान जावेद (46 वर्ष) पुत्र मोहम्मद हारुन निवासी मोहल्ला सैयद बाड़ा, खेलदार लाला बाजार, फतेहपुर शहर के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि उनका भाई गुरुवार और शुक्रवार की रात को एक व्यक्ति के साथ बाइक से कहीं गया था, लेकिन इसके बाद वह बिंदकी-जोनिहा मार्ग पर पैदल कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
