बुंदेलखंड राष्ट्र समिति की तैयारी बैठक सम्पन्न, एक फरवरी को राष्ट्रपति भवन तक होगी मौन परिक्रमा



– राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने आंदोलन को बताया मौन का संकल्प

फतेहपुर। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति की ओर से पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर 01 फरवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ से राष्ट्रपति भवन तक प्रस्तावित मौन परिक्रमा के संबंध में सोमवार को फतेहपुर शहर स्थित एक गेस्ट हाउस में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अनुशासन एवं जनसहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड की पीड़ा अब नारेबाजी नहीं, बल्कि मौन संकल्प के साथ राष्ट्र के समक्ष रखी जाएगी। यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के अधिकार, सम्मान और भविष्य के लिए है। वहीं संगठन के महामंत्री यज्ञेश गुप्ता ने कहा कि मौन परिक्रमा संगठन की एकता और अनुशासन का प्रतीक होगी। इसमें कार्यकर्ता बिना किसी नारे या भाषण के केवल संकल्प के साथ सहभागिता करेंगे। साथ ही मीडिया प्रभारी देवव्रत त्रिपाठी ‘देव’ ने कहा कि यह कार्यक्रम देश को स्पष्ट संदेश देगा कि बुंदेलखंड का संघर्ष शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लक्ष्य के प्रति दृढ़ है। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम के दिन प्रतिभागियों का एकत्रीकरण सुबह 9 बजे इंडिया गेट पर होगा। सभी प्रतिभागी सफेद वेश में, मुंह पर सफेद पट्टी लगाकर मौन रहेंगे और केवल सादे सफेद कागज पर “पृथक बुंदेलखंड राज्य” लिखा संदेश लेकर राष्ट्रपति भवन तक परिक्रमा करेंगे। सभी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक, शांतिपूर्ण और अनुशासित बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला अध्यक्ष ब्रजेश सोनी, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, रज्जन विश्वकर्मा, राम प्रसाद विश्वकर्मा, शैलेंद्र तिवारी, महेंद्र सिंह चौहान, आशीष सिंह, अंकित सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।