गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान चली गोली, एक व्यक्ति गंभीर घायल



— सीने में लगी गोली, हैलट कानपुर रेफर

फतेहपुर। बिंदकी नगर के फरीदपुर मोड़ स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान बीती रात अचानक चली गोली से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार मोहन पुरवा थाना मटौंध जनपद बांदा निवासी रवि प्रताप सिंह (40 वर्ष) पुत्र चंद्रभान सिंह शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान अचानक चली गोली उनके सीने में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रवि प्रताप सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदकी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल ने पूछताछ में कहा है कि वह यह नहीं देख सका कि गोली किसने चलाई। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल का इलाज जारी है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।