– सुंदरकांड पाठ व विशाल भंडारे का हुआ भव्य आयोजन
फतेहपुर। जनपद के लोक निर्माण विभाग ठेकेदार संघ भवन में मंगलवार को आध्यात्मिक उल्लास और सेवा भाव का अनुपम संगम देखने को मिला। ठेकेदार संघ द्वारा आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात सुंदरकांड के सस्वर पाठ एवं मधुर गायन ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान की आराधना में श्रद्धालु पूरी तरह लीन नजर आए। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों पर भक्त झूमते दिखाई दिए। सुंदरकांड पाठ के समापन के उपरांत विधिवत आरती संपन्न हुई, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। ठेकेदार संघ के सदस्यों ने स्वयं सेवा करते हुए सभी श्रद्धालुओं को ससम्मान प्रसाद वितरित किया। इस धार्मिक आयोजन का नेतृत्व ठेकेदार संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने किया। अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल मानसिक शांति प्राप्त होती है, बल्कि समाज और संगठन में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शाम तक चले इस आयोजन में पूरे परिसर में भक्तिमय उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बलराम सिंह, रामगोपाल शुक्ला, राजेश सिंह, मनोज सिंह, अजय सिंह एवं ऋषभ सिंह सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
