अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की बड़ी पहल: ग्राम प्रधानों व चौकीदारों के साथ बैठक, सीसीटीवी लगाने पर विशेष जोर



फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सोमवार को सभी थानों पर व्यापक स्तर पर बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में संबंधित थाना क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों ने ग्राम प्रधानों और चौकीदारों के साथ संवाद स्थापित किया।
बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों से अपील की है कि गांव के प्रमुख स्थानों जैसे चौराहों, मुख्य मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और अपराध होने की स्थिति में साक्ष्य आसानी से उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही चौकीदारों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध हलचल की जानकारी तत्काल संबंधित थाने को देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चौकीदार ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की पहली कड़ी हैं और उनकी सक्रियता से कई घटनाओं को होने से पहले रोका जा सकता है। बैठक में चोरी की घटनाओं की रोकथाम पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि घरों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें, अनजान व्यक्तियों पर विश्वास करने से बचें और सामूहिक सतर्कता बनाए रखें। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि गांव में किसी भी नए व्यक्ति के आने की सूचना स्थानीय स्तर पर साझा की जाए। पुलिस ने जनसहभागिता को अपराध नियंत्रण की कुंजी बताते हुए ग्राम प्रधानों और चौकीदारों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही एक सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।