फतेहपुर में मकबरा-मंदिर विवादित स्थल पर कार्तिक पूर्णिमा पर तनाव


– पूजा करने जा रही महिलाओं की पुलिस से झड़प, बैरिकेडिंग तोड़ने का किया प्रयास

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर रेडैया स्थित मकबरा-मंदिर विवादित स्थल पर गुरुवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूजा-अर्चना करने जा रही महिलाओं की पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस ने महिलाओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने दूर से ही आरती और पूजा-अर्चना की।
बताया गया कि महिलाएं बैरिकेडिंग तोड़कर विवादित स्थल की ओर बढ़ रही थीं, तभी मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान महिलाओं की कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय से नोकझोंक भी हुई। महिलाओं ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही। मामले में पप्पू सिंह चौहान की पत्नी सहित 20 अन्य अज्ञात महिलाओं पर मुकदमा भी लिखा गया है।
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल के आह्वान पर मठ मंदिर संघर्ष समिति के नेतृत्व में करीब दो हजार लोगों की भीड़ ने इसी विवादित स्थल पर तोड़फोड़ और पूजा-अर्चना की थी। उस घटना में पुलिस ने 10 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वर्तमान में यह विवादित स्थल का मामला फतेहपुर सिविल डिवीजन न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 15 नवंबर को निर्धारित है।