राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ, बड़ौरी टोल पर दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ



फतेहपुर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ शनिवार को जनपद फतेहपुर में किया गया। इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम “परवाह” रखी गई है। इसी क्रम में त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बड़ौरी टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी यातायात प्रमोद शुक्ला ने किया। यह आयोजन जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव (पीआईयू कानपुर) के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लालजी सविता, प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेंद्र सिंह, राकेश भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात प्रमोद शुक्ला ने कहा कि दिन-प्रतिदिन सड़कों पर हो रही दुर्घटनाएं अत्यंत चिंता का विषय हैं। लोग नियमों को जानकर भी अनदेखा कर रहे हैं, जिससे असमय जाने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार पूरे माह “परवाह” थीम के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले के सभी स्कूलों में स्लोगन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग, रैली, नुक्कड़ नाटक, वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर, टोल से गुजरने वाले वाहनों पर उच्च गुणवत्ता वाले रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाने जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे, ताकि आमजन में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ सके। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों वाहन चालकों को पंपलेट वितरित किए गए तथा उनके वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए। साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। दुपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से हेलमेट पहनने का संदेश देते हुए कहा गया कि घर से निकलने के बाद उनके परिजन सुरक्षित वापसी का इंतजार करते हैं, ऐसे में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। कार्यक्रम में राकेश भारद्वाज ने कहा कि संस्था का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में निरंतर कमी लाना है। सड़क सुरक्षा माह के बाद भी पूरे वर्ष हाईवे से सटे ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, होटल-ढाबों एवं वाहन चालकों को पंपलेट के माध्यम से जागरूक किया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी अतुल यादव, अविनाश द्विवेदी, संदीप पांडे, पुष्पेंद्र, अजीत सिंह, फैय्याज आलम, फिरोज खान सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे।