कटरा अब्दुल गनी में भागवत कथा का दूसरा दिन, श्रोता हुए भाव-विभोर


फतेहपुर। कटरा अब्दुल गनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। कथा व्यास पंडित कमलाकांत पांडे ने भगवान श्री नारद एवं राजा परीक्षित की कथा का अत्यंत भावपूर्ण और रोचक वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो गए।
कथा के दौरान पंडित कमलाकांत पांडे ने बताया कि भगवान श्री नारद ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के प्रतीक हैं, जबकि राजा परीक्षित का जीवन मानव को सत्कर्म, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली अमूल्य धरोहर है। कथा प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भक्ति, संयम और प्रभु के प्रति समर्पण का महत्व बताया। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रोच्चार और भजनों के बीच पूरी तरह भक्तिरस में डूबे नजर आए। कथा के दौरान “हरि-हरि” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में परीक्षित राज कपूर गुप्ता, दरगाही गुप्ता, राजकुमार गुप्ता एवं स्वतंत्र कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा अजय साहू, ईश्वर कृष्ण श्रीवास्तव, विनोद कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय भक्तगण कथा श्रवण के लिए मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि भागवत कथा का आयोजन आगामी दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा में भाग लेने के लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।