महर्षि विद्या मंदिर में ज्ञान युग दिवस के रूप में मनाया गया वार्षिकोत्सव



– भारत अनादिकाल से विश्व गुरु रहा है – ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश

– राज्यमंत्री प्रतिमा शुक्ला रहीं मुख्य अतिथि, बच्चों को दिया मार्गदर्शन

– वैदिक संस्कृति और देशभक्ति का संगम बना विद्यालय का मंच

फतेहपुर। नगर स्थित महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल में वार्षिकोत्सव को ज्ञान युग दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि विद्या मंदिर समूह के अध्यक्ष एवं विश्व शांति आंदोलन के अध्यक्ष ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश द्वारा दीप प्रज्वलन और गुरु पूजन के साथ की गई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिमा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनका पुष्पगुच्छ, नारिकेल फल एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। पूर्व सांसद एवं केंद्रीय मंत्री निरंजन ज्योति को भी अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान विधायक विक्रम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य, निवर्तमान विधायक बिंदकी करण सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक जहानाबाद राजेंद्र पटेल, एडिशनल डायरेक्टर यतीश सक्सेना सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित मंचन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही कथक, शास्त्रीय गीत, वैदिक नृत्य, विष्णु अवतार, राधा-कृष्ण नृत्य, शिव तांडव, कजरी, छठ पूजा, मराठी लोक नृत्य और होली नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने सराहा। हिंदी नाटक के माध्यम से फतेहपुर की एक झांकी भी प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिमा शुक्ला ने कहा कि बच्चों को माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है और अभिभावकों को बच्चों पर समय देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेने की सलाह दी। महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश ने कहा कि भारत अनादिकाल से विश्व गुरु रहा है और वैदिक परंपरा के माध्यम से मानव कल्याण का मार्ग दिखाता रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैश्विक नेतृत्व के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महर्षि वर्ल्ड पीस एसेम्बली में शामिल छात्राओं इजना हयात, अदिति सिंह, अर्पिता श्रीवास्तव और गुड़िया सिंह को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों, अभिभावकों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।