– कांग्रेस ने कहा कि गरीबों का हक छीना जा रहा
फतेहपुर। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के ललौली कस्बे स्थित निबहरा मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत एक चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों के बीच सरकार द्वारा मनरेगा कार्यक्रम में किए जा रहे परिवर्तनों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया गया।
चौपाल को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान सरकार धनकुबेरों को लाभ पहुंचाने में लगी है और गरीब मजदूरों तथा आम जनता के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना का मूल उद्देश्य गांवों का विकास और गरीब मजदूरों को सम्मान के साथ रोजगार की गारंटी देना था, लेकिन भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस इस जनविरोधी नीति के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगी, क्योंकि यह पार्टी की विचारधारा का हिस्सा है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे ने कहा कि मौजूदा सरकार ने विकास के बजाय देश की संपत्तियों को बेचने का काम किया है, जिसे अब जनता बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाला समय भाजपा की राजनीतिक बर्बादी का अध्याय लिखेगा। जिला उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा की कुत्सित राजनीति अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में युवा बेरोजगार हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं, लेकिन सत्ता में मदहोश सरकार जनता की समस्याओं से मुंह मोड़े हुए है। चौपाल में एआईसीसी सदस्य राजीव लोचन निषाद, मनरेगा कोऑर्डिनेटर आरिफ खान और अभय शुक्ला ने भी अपने विचार रखते हुए मनरेगा को बचाने के लिए एकजुट संघर्ष का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नवनीत तिवारी, हम्माद हुसैन, राहुल कश्यप, आकाश निषाद, हबीबुद्दीन, सफीक अली, आफताब खान, एकलाख खान, नफीस, आवेश, मुस्तकीम, नवाज, फजल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
