– सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया गया याद
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पार्टी कार्यालय में भारत रत्न, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण के उपरांत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय के संघर्ष, उनके सादगीपूर्ण जीवन, प्रशासनिक दक्षता एवं समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन गरीब, पिछड़े और शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा, जो आज भी प्रासंगिक है। गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार ने किया। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर का विचार और संघर्ष समाजवादी आंदोलन की मजबूत नींव है, जिसे आगे बढ़ाना आज के समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रीता प्रजापति, मनोज यादव, शकील अकबर, डॉ. राम नरेश पटेल, हीरालाल साहू, अखिलेश, डॉ. अमित पाल, कालिका प्रसाद, चंद्रशेखर सविता, सुहैल खान हेमू, आशीष नामदेव, राम दुलारे पासवान, मोहित कुमार कोरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
