फतेहपुर में 16वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया



फतेहपुर। कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी के तत्वावधान में रविवार को 16वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे उड़ाकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा मतदाताओं के नाम संदेश का वीडियो प्रसारण किया गया। तत्पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। कार्यक्रम में स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माई इंडिया, माई वोट” के अनुरूप जनपद स्तर पर निबन्ध, कला, स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ०प्र० द्वारा विधानसभा क्षेत्र 243-खागा के बूथ लेवल अधिकारी कृष्ण औतार शर्मा, शिक्षा मित्र एवं सुपरवाइजर अंकित कुमार तथा लेखपाल को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। वहीं जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। निबन्ध, स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के प्रथम पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को विधानसभा क्षेत्र 241-अयाह शाह एवं 240-फतेहपुर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उप जिलाधिकारी बिन्दकी एवं खागा द्वारा भी संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ व सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, स्वीप आइकॉन सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।